औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर बल्लारपुर में बढ़ते अतिक्रमण और अनियंत्रित यातायात के कारण नागरिकों की जान पर बन आई है। शहर के मुख्य मार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण से सड़कें संकरी हो गई हैं, जिससे आए दिन यातायात जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बन रही है। इसी बीच आज हुए एक भीषण सड़क हादसे में एसटी बस के एक कंडक्टर की मौत हो गई, जिससे पूरे शहर में शोक और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार श्रीराम मंग्या जाटोत (55), निवासी फुलसिंग नाइक वार्ड, बल्लारपुर चंद्रपुर एसटी डिपो में कंडक्टर के रूप में कार्यरत थे। सुबह लगभग 11:30 बजे वे घर के लिए सामान लेने स्कूटी क्रमांक MH 34 Y 7041 से पुराने बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ग्रामीण अस्पताल के सामने पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक MH 34 BZ 5897 ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में श्रीराम जाटोत की मौके पर ही मौत हो गई।यह ट्रक जेएसटी कंपनी का है और पेपर मिल से राख (राखड़) ले जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और ट्रक चालक संतोष कृष्णकुमार टंडन (27), निवासी सिंदोला, तहसील वणी, जिला यवतमाल को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की आगे की जांच पुलिस निरीक्षक बिपिन इंगले के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक विक्की लोखंडे और पुलिस कर्मचारी नरेंद्र वाकड़े कर रहे हैं। नगर परिषद चौक का ट्रैफिक सिग्नल पिछले लगभग दो वर्षों से बंद पड़ा है, जिसके कारण यातायात पूरी तरह अव्यवस्थित हो गया है। इस समस्या को लेकर कुछ दिन पहले बल्लारपुर तहसील कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में पत्रकारों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इस घटना के बाद नागरिकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है और शहर में अतिक्रमण हटाने तथा यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग तेज हो गई है।









