अग्निशस्त्र के साथ युवक गिरफ्तार, एक आरोपी फरार

0
378

बल्लारपुर शहर के भगतसिंह वार्ड इलाके में अवैध रूप से अग्निशस्त्र लेकर घूम रहे दो युवकों के खिलाफ बल्लारपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। यह कार्रवाई रविवार, 8 मार्च को रात करीब 10 बजे की गई। बल्लारपुर पुलिस स्टेशन की अपराध शाखा की टीम रविवार रात गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि भगतसिंह वार्ड क्षेत्र में कार्तिक उर्फ यश राकेश निषाद (उम्र 19) और मोनू मंझा निषाद नाम के दो युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने भगतसिंह चौक इलाके में छापा मारा। पुलिस को देखते ही दोनों युवक भागने लगे। इस दौरान एक युवक मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे युवक को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम कार्तिक उर्फ यश राकेश निषाद बताया। उसके साथ मौजूद मोनू मंझा निषाद पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस ने फरार आरोपी मोनू निषाद के काकू के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर की छत के वासे पर पीले कपड़े में लिपटी हुई देशी बनावटी 7.65 मिमी बोर की पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने यह हथियार और कारतूस जब्त कर लिए, जिनकी कुल कीमत लगभग 23 हजार रुपये बताई जा रही है।
इस मामले में कार्तिक उर्फ यश राकेश निषाद और मोनू मंझा निषाद, दोनों निवासी भगतसिंह वार्ड, बल्लारपुर के खिलाफ भारतीय शस्त्र अधिनियम की धारा 3, 25 तथा 3(5) के तहत बल्लारपुर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और आगे की जांच पुलिस कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक बिपिन इंगले के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक अभिषेक जंगमवार सहित पुलिस टीम ने की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here